रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, पीएम मोदी व राष्ट्रपति कोविंद ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान का गुरुवार रात निधन हो गया। वो 74 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से काफी बीमार थे। उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी। पासवान के निधन की सूचना के बाद सियासी गलियारे में शोक की लहर है। उनके सम्मान में शुक्रवार को राजकीय शोक की घोषणा की गई है और इस दौरान तिरंगा आधा झुका रहेगा।
पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की : रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंच गया है। पीएम मोदी ने उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और दुखी परिवार को ढांढस बंधाया। 

राष्ट्रपति ने शोक जताया :
रामविलास पासवान के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।

पासवान का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा: रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर आज 3 बजे पटना पहुंचेगा। पटना एयरपोर्ट से उनके पार्थिव शरीर को पार्टी कार्यालय लाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पटना घाट पर ही उनका अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले दिल्ली में रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सुबह 10 बजे उनके आवास 12 जनपथ पर रखा जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!