चाकुलिया के लापता युवक सरोज का लोकेशन पुलिस को मिला, परिवारजनों में खुशी।

जमशेदपुर ब्यूरो : हरियाणा के मेवात जिले से गायब पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया निवासी युवक सरोज दास की खोजबीन झारखंड पुलिस ने कर ली है। यह पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी की पहल एवं झारखण्ड पुलिस की तत्परता से संभव हुआ।
बताते चलें कि उक्त युवक अपने मित्रों के संग ट्रक JH05AT-5182 पर सवार होकर हरियाणा से जमशेदपुर की ओर लौट रहा था। 03 नवंबर को हरियाणा के मेवात जिले में टोल प्लाजा से वह युवक लापता हो गया था। परिवार वाले परेशान थे। परिजनों ने बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से इस आशय में मदद की गुहार लगाई। फलस्वरूप बुधवार की सुबह कुणाल षाड़ंगी युवक की तलाश के लिए ट्विटर पर जरूरी जानकारी सहित झारखंड पुलिस से सहयोग का आग्रह किये। उधर राज्य पुलिस मुख्यालय ने संज्ञान लेकर युवक की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। प्राप्त सूचना के अनुसार वर्तमान में वह युवक गुड़गांव में है। जमशेदपुर पुलिस उसे वापस लाने में जुट गई है।
