झारखंड में कोरोना:20 लाख कोरोना टेस्ट करने वाला 15वां राज्य बना झारखंड, अब तक 79,909 पॉजिटिव मरीज

तस्वीर रांची रेलवे स्टेशन की। रांची रेलवे स्टेशन पर कुछ लोग कंधे पर बैग लटकाए, तो कुछ सिर पर बोरी लिए स्टेशन के बाहर खड़े थे। चेहरे पर मास्क था। अप्रैल में कोरोना के कारण लगे देशव्यापी लॉकडाउन के बाद ये मज़दूर घर लौट आए थे। पर पांच महीना बाद एक बार फिर से परिवार की ज़िम्मेदारी और रोजी-रोटी की मजबूरी में ये लोग वापस दिल्ली, हरियाणा और पंजाब लौट रहे हैं।
झारखंड में अब कोरोना का सुखद ट्रेंड दिख रहा है। पिछले 27 दिनों में राज्य में 38,140 नए संक्रमित मिले, जबकि 39,617 मरीज ठीक हुए। 31 अगस्त तक मरीजों का रिकवरी रेट 65.15 था, जो अब राष्ट्रीय औसत 82.40 से ज्यादा 83.59 पर पहुंच गया है। कुल 79,909 मरीजों में से 66,797 मरीज ठीक हो चुके हैं। रिकवरी रेट के मामले में अब झारखंड देश में आठवें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि अभी भी हम बिहार और पश्चिम बंगाल से पीछे हैं। बिहार का रिकवरी रेट 92 तो पश्चिम बंगाल का 87.60 है।
20 लाख टेस्ट करने वाला 15वां राज्य बना झारखंड
झारखंड 20 लाख टेस्ट करने वाले राज्यों में 15वें स्थान पर पहुंच गया है। 26 सितंबर तक राज्य में 20.37 लाख सैंपल की जांच की गई। इनमें 3.9 फीसदी लोग पॉजिटिव मिले। जबकि अन्य राज्यों में संक्रमण दर अभी अधिक है। यह महाराष्ट्र में 20.7, आंध्रप्रदेश में 12.2, कर्नाटक में 12.3, दिल्ली में 9.7 तो पश्चिम बंगाल में 8.1 है।
पिछले 24 घंटे में मिले 974 नए संक्रमित, नौ लोगों की मौत भी हुई
झारखंड में पिछले 24 घंटे में 974 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसमें रांची से 214, बोकारो से 73, देवघर से 45, धनबाद से 42, दुमका से 10, पूर्वी सिंहभूम से 226, गढ़वा से 55, गिरिडीह से 9, गोड्डा से 35, गुमला से 15, हजारीबाग से 17, जामताड़ा से 27, खूंटी से 7, कोडरमा से 31, लातेहार से 1, लोहरदगा से 28, पलामू से 32, रामगढ़ से 14, साहेबगंज से 6, सराईकेला से 35, सिमडेगा से 15, पश्चिमी सिंहभूम से 37 लोग शामिल हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे में नौ लोगों की मौत भी हुई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 79,909 हो गई है। अब तक 708 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को जमशेदपुर में चार, बोकारो में दो, हजारीबाग में एक, रामगढ़ में एक और खूंटी में एक मरीज की जान गई। इस बीच 958 मरीज स्वस्थ होकर घर भी लौटे। इनमें रांची के 153 मरीज हैं।
झारखंड
कुल संक्रमित 79,909
ठीक हुए 66,797
रिकवरी रेट 83.59%
कुल मौतें 708