कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान, पेट्रोल डीजल के कीमतों और महंगाई में वृद्धि के खिलाफ केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप

राँची: पेट्रोल-डीजल तथा रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी और महंगाई के खिलाफ देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत आज कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं द्वारा राज्यभर में पेट्रोल पंप के समक्ष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव पेट्रोलियम पदार्थां और आवश्यक वस्तुओं की कीमत में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन में खुद सड़क पर उतरे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राजधानी रांची के बरियातु रोड पेट्रोल पंप के समक्ष हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। इस मौके पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख समेत अन्य नेता-कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।
इस दौरान रामेश्वर उरांव ने खुद सबसे पहले हस्ताक्षर किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार भले ही सत्ता के मद में चूर है, लेकिन जनता अब छोड़ेगी नहीं। सत्ता के नशे में चूर केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। यही कारण है कि जनता के आक्रोश को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्री को बदल दिया गया है।
मौके पर कृषिमंत्री बादल ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए डीजल की कीमत में कमी करने और सब्सिडी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज अब रायसीना की दीवारों को पार कर प्रधानमंत्री के कानों तक पहुंचेगी। यदि अब भी केंद्र सरकार ने मूल्य नियंत्रित करने को लेकर प्रयास नहीं किया, तो देश में आराजकता की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने भी केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए यूपीए और एनडीए सरकार की तुलना की, साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक एजेंडे के तहत मूल्य वृद्धि करने का आरोप लगाया।
